मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी की मध्यप्रदेश यूनिट की चौथी स्टेट हज कॉन्फ्रेंस के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 20 दिसंबर 2026 को बुरहानपुर के हुसैन मैरिज हॉल में आयोजित होने वाली इस राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस के सफल आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया है। कॉन्फ्रेंस को ‘मिशन लब्बैक’ नाम दिया गया है। आयोजन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी मोहम्मद मोईन उर्फ हाजी मतीन अजमल को सौंपी गई है।
गठित समिति में सैयद महमूद भाई को उपाध्यक्ष, रियाज़ुल हक अंसारी को सचिव, एडवोकेट सैयद जावेद मीर को संयुक्त सचिव तथा क़दीर मोहम्मद को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, अताउल्ला खान, इक़बाल अंसारी आईना, हाजी अकील साहब, शाकिर हुसैन और मोहम्मद वसीम को समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है।
ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी के राष्ट्रीय चेयरमैन मुकीत खान के अनुसार, कॉन्फ्रेंस सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। इसमें मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों के साथ दिल्ली, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और राजस्थान की राज्य इकाइयों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
सोसायटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं कॉन्फ्रेंस संयोजक सैयद रियाज़ ने बताया कि जिला हज वेलफेयर सोसायटी, बुरहानपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस कॉन्फ्रेंस का उद्देश्य सोसायटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा करना, उनकी समस्याओं का समाधान तलाशना और हज यात्रियों की सेवा के लिए भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना है। इस अवसर पर सोसायटी से जुड़कर उल्लेखनीय कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा। दिल्ली, राजस्थान और उत्तरप्रदेश के कार्यकर्ताओं को सैयद महफूज़ मेमोरियल एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजा जाएगा।
आयोजन समिति के गठन के साथ ही कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है। आयोजकों का लक्ष्य है कि ‘मिशन लब्बैक’ के माध्यम से हज यात्रियों की सेवा, आपसी समन्वय और संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा प्रदान की जाए। बुरहानपुर की शाही जामा मस्जिद के युवा मुतवल्ली हज़रत सैयद मोहम्मद अनवार उल्लाह शाह बुखारी को कॉन्फ्रेंस का सरपरस्त बनाया गया है।

