सेंट अर्नोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में थांदला बना चैंपियन, मेघनगर उपविजेता | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

सेंट अर्नोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट में थांदला बना चैंपियन, मेघनगर उपविजेता | New India Times

सेंट अर्नोल्ड चर्च, मेघनगर में आयोजित तीन दिवसीय झाबुआ डायोसिस स्तरीय सेंट अर्नोल्ड कप इंटर-पैरिश फुटबॉल टूर्नामेंट का 21 अक्टूबर को रोमांचक समापन हुआ। 19 से 21 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न पैरिश की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया।

सेमीफाइनल में मेघनगर और थांदला ने मारी बाज़ी
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में मेघनगर ने पंचकुई को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में थांदला और मेघनगर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। निर्धारित समय में दोनों टीमें 1-1 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद टाईब्रेकर में थांदला ने जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

फाइनल में थांदला ने मेघनगर को 2-1 से हराया
दोपहर 4 बजे खेले गए फाइनल मुकाबले में थांदला और मेघनगर की टीमों के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, तेज गति और जीत के जज्बे के साथ खेल का प्रदर्शन किया। अंततः थांदला ने 2-1 से मुकाबला जीतकर सेंट अर्नोल्ड कप अपने नाम किया, जबकि मेघनगर की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता में विजेता थांदला की टीम को 15 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता मेघनगर की टीम को 11 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
आकाश डामोर और तन्नु कटारा को मिले व्यक्तिगत पुरस्कार
प्रतियोगिता में थांदला टीम के आकाश डामोर को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर तथा तन्नु कटारा को सर्वश्रेष्ठ गोल स्कोरर का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, सेमीफाइनल में गोल करने पर मेघनगर टीम के खिलाड़ी हिमेश को 500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में सेवाएं देने वाले रेफरी का फूलमालाओं से स्वागत कर प्रतीक चिह्न देकर सम्मान किया गया।

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना रहा उद्देश्य
आयोजन का उद्देश्य विभिन्न पैरिश की टीमों को खेल के माध्यम से एक मंच प्रदान करना, खिलाड़ियों में अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना विकसित करना तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना था। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

आयोजन में इनका रहा सराहनीय सहयोग
प्रतियोगिता को सफल बनाने में फादर जोमोन जेम्स, फादर डिमैलॉ, सिस्टर जेस्लीन तथा आयोजन समिति के आनंद मेडा, जिम्मी निर्मल, जेवियर चरेल, विजय गानावा, कलसिंह भूरिया, सुशील सिंगाड़िया, जेम्स पॉल, प्रकाश डामोर, रितेश सिंगाड़िया, लीला डामोर, जोनु मडोरिया और शांतिलाल कतीजा सहित मेघनगर टीम के खिलाड़ियों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन का समापन खेल भावना और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.