रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

उत्कृष्ट गरबा प्रस्तुतियों के साथ भारतीय धार्मिक आस्थाओं को शीर्ष पर रखने के लिए प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर के नवरात्रि महोत्सव में नवमी का दिन भी ऐतिहासिक रहा। धार्मिक आस्था के उल्लास, झिलमिलाती रोशनी और जगमगाती सजावट के बीच मध्यप्रदेश का चर्चित फुटतालाब गरबा महोत्सव नवमी पर अपने पूरे शबाब पर दिखाई दिया।

हजारों की संख्या में लोगों ने एक साथ भारतीय संस्कृति और शक्ति के पर्व का आनंद लिया। इस भव्य आयोजन में शामिल लोगों ने आयोजकों और लोकप्रिय समाजसेवियों सुरेश चंद्र पूरणमल जैन (पप्पू भैया), राजेश (रिंकू) जैन, महंत दिलीपदास महाराज और जैकी जैन के प्रति अपना अगाध प्रेम और स्नेह प्रदर्शित किया।

फुटतालाब में सोमवार को इतनी भीड़ उमड़ी कि प्रवेश द्वार से लेकर गरबा पंडाल तक लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी और हर ओर उत्सव का माहौल रहा। मां के दरबार फुटतालाब में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विधायक वीरसिंह भूरिया, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश राका, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनल जसवंत भाबर, थांदला नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पनदा, प्रतिनिधि सुनील पनदा, पार्षद गोलू उपाध्याय, पार्षद एवं जिला योजना समिति की अध्यक्ष श्रीमती भूमिका आशीष सोनी तथा वरिष्ठ पत्रकार विमल जैन उपस्थित रहे।

वहीं, फुटतालाब पहुंचे झाबुआ के एसपी पाटीदार ने स्थानीय बालिकाओं के उत्साह और अनुशासन की सराहना की। श्री जैन ने उन्हें आयोजन तथा पिछले 17 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस महोत्सव के बारे में जानकारी दी।

गरबा खेलने पहुंचे ग्रामीण क्षेत्रों के समूहों ने पप्पू भैया और रिंकू भैया के संघर्ष एवं जीवन यात्रा को भी अपनी गरबा प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित करने का प्रयास किया, जिसकी काफी सराहना हुई।
इसके अतिरिक्त, मेघनगर और आसपास के क्षेत्रों में केमिकल फैक्ट्रियों के कारण दूषित हो रहे पानी का मुद्दा भी गरबा दलों ने उठाया। उन्होंने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रशासन से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा प्रदूषण फैलाने वाली केमिकल फैक्ट्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर पहुंचे मुख्य अतिथियों ने मां की महाआरती की और हनुमान जी के दर्शन किए। इस दौरान समाजसेवी सुरेश चंद्र पूरणमल जैन और राजेश (रिंकू) जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
श्री जैन ने अतिथियों को आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की कि इस वर्ष सभी के सहयोग से ग्रामीण अंचलों की बेटियां बड़ी संख्या में यहां गरबा खेलने पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से बेटियों में धार्मिक संस्कार विकसित हो रहे हैं और वे धर्म एवं संस्कृति की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी समाजसेवी श्री जैन का सम्मान किया।

