मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

आगामी बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बुधवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन ड्यूटी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, नियमित गश्त करने तथा अराजक तत्वों पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने और निर्वाचन ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने और निष्पक्षता के साथ कार्य करने को कहा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
ब्रीफिंग के दौरान एएसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा, एएसपी नगर देवेंद्र कुमार, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

