अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वायु के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एनटीपीसी कहलगांव परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान 50 पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (BSPCB), पटना के आरओ एस.एन. ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं एनटीपीसी कहलगांव के परियोजना प्रमुख रविन्द्र शर्मा सहित एनटीपीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर स्वच्छ वायु और हरित पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अधिक से अधिक पौधारोपण की महत्वपूर्ण भूमिका है।
एनटीपीसी कहलगांव के पीआरओ सह नैगम संचार प्रबंधक चेव्वाकुला श्रीकांत ने कहा कि यह पहल सतत विकास तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में एनटीपीसी कहलगांव के प्रयासों को दर्शाती है।

