महिला पतंजलि योग समिति ने कालिका माता मंदिर में की महाआरती, गरबा रास के साथ की मां की आराधना | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

महिला पतंजलि योग समिति द्वारा कालिका माता मंदिर में सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्यों ने गरबा रास किया तथा मां की सामूहिक आराधना की। साथ ही देवी महिमा का सामूहिक पाठ भी किया गया।

महिला योग प्रभारी कुमारी रुक्मणी वर्मा ने बताया कि नवरात्रि में नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का संदेश मिलता है। यह पर्व शक्ति की उपासना और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। नवरात्रि का इतिहास हिंदू धर्म के प्राचीन ग्रंथों और पौराणिक कथाओं से जुड़ा है। इसका उल्लेख मार्कंडेय पुराण के देवी माहात्म्य में मिलता है, जिसमें मां दुर्गा और महिषासुर के बीच नौ दिनों तक चले युद्ध का वर्णन है। इसके अलावा, प्रभु श्रीराम द्वारा रावण वध से पूर्व शक्ति पूजा किए जाने की मान्यता भी नवरात्रि के महत्व को दर्शाती है। नवरात्रि का समय आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त करने का अवसर भी माना जाता है।

पूर्व आईएएस अधिकारी श्रीमती सूरज डामोर ने अपने उद्बोधन में भारतीय ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सप्ताह के अलग-अलग दिनों से जुड़े रंगों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मान्यता के अनुसार, दिन विशेष के अनुरूप रंगों के वस्त्र धारण करने से ग्रहों की अनुकूलता और मानसिक शांति प्राप्त होने की कामना की जाती है। सोमवार को सफेद, मंगलवार को केसरिया, बुधवार को हरा या पिस्ता ग्रीन, गुरुवार को पीला या सुनहरा, शुक्रवार को गुलाबी, शनिवार को काला, नीला या जामुनी तथा रविवार को नारंगी, गहरा पीला या सुनहरा रंग पहनना शुभ माना जाता है।

कार्यक्रम में योग परिवार की संगठन मंत्री मधु जोशी, कोषाध्यक्ष ज्योति जोशी, सहसचिव लीना पटेल, सक्रिय कार्यकर्ता माधुरी नीमा, सीमा धबाई, संजू गांधी, रजनी पाटीदार, पूनम सिन्हा, किरण सोनी, ज्योति सोनी, कल्पना रानी, संजीत राठौर, पिंकी राठौर, ज्योति वर्मा, नीता शाह और शीतल तंबोली सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।

कालिका माता समिति के अध्यक्ष श्री राजेंद्र अग्निहोत्री, श्री कनुभाई राठौर, श्री आतिश शर्मा, श्री गुप्ता और श्री प्रदीप अरोड़ा का भी योग परिवार को सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में समिति की सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अंत में योग परिवार की बहनों ने झाबुआ शहर के सभी भाई-बहनों से अपील की कि वे कालिका माता मंदिर की धर्मशाला के ऊपर संचालित योग कक्षा में प्रतिदिन आएं और नियमित योगाभ्यास करके स्वस्थ एवं निरोग जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.