जीएम ऑफिस रेलवे गेट पर झूल रहा खतरे का बोर्ड, कभी भी हो सकता है हादसा | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जीएम ऑफिस रेलवे गेट पर झूल रहा खतरे का बोर्ड, कभी भी हो सकता है हादसा | New India Times

जुन्नारदेव के ग्राम पंचायत खापा स्वामी क्षेत्र स्थित जीएम ऑफिस के समीप बने रेलवे गेट पर रेलवे प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरने वाले 25,000 वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के तारों की सुरक्षा के लिए लगाया गया लोहे का ओवर-गेज (हाइट बैरियर) खुद ही राहगीरों के लिए खतरा बन चुका है। ओवर-गेज के मुख्य हिस्से पर लगा “खतरा / DANGER 25,000 VOLTS” लिखा लोहे का बोर्ड नट-बोल्ट ढीले होने और नीचे लटक जाने के कारण कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।

ट्रक की टक्कर से ढीला हुआ बोर्ड, गिरने की आशंका

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व इस मार्ग से गुजर रहे एक ऊंचे ट्रक के ओवर-गेज से टकराने के कारण चेतावनी बोर्ड के नट-बोल्ट टूट गए और ढीले हो गए। इसके बाद से ही यह भारी-भरकम लोहे का बोर्ड हवा में झूल रहा है।

राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत

जीएम ऑफिस रेलवे गेट मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे तथा दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक आवागमन करते हैं। हवा चलने या किसी वाहन के टकराने से यदि यह बोर्ड नीचे गिरता है, तो इसकी चपेट में आने वाले राहगीर गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं।

ग्रामीणों की मांग: रेलवे विभाग जल्द कराए मरम्मत

स्थानीय निवासियों का कहना है कि ओवर-गेज पर लटक रहे इस भारी बोर्ड के कारण लगातार किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने रेलवे विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए बोर्ड की तत्काल मरम्मत कराने और उसे सुरक्षित तरीके से कसने की मांग की है, ताकि समय रहते संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.