मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

यवतमाल शहर के भोसा नाका परिसर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से नागरिकों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, करीब 15 से 20 कुत्तों की टोली सड़क पर आने-जाने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कुत्ते दोपहिया वाहन चालकों के पीछे दौड़ते हैं, बच्चों पर झपटते हैं और लोगों के हाथों से थैलियां छीन लेते हैं। इसके अलावा, कुत्तों के काटने की घटनाएं भी सामने आने की बात कही जा रही है। इस स्थिति से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
नागरिकों का कहना है कि आवारा कुत्तों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने नगरपालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि संबंधित अधिकारी परिसर का निरीक्षण कर समस्या के समाधान के लिए तत्काल ठोस कदम उठाएं। साथ ही, आवारा कुत्तों से संबंधित सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
भोसा नाका परिसर के नागरिकों में इस समस्या को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो तीव्र आंदोलन किया जाएगा। अब देखना यह है कि नगरपालिका प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस समस्या से निपटने के लिए क्या कदम उठाता है।
