मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम ने बरेली मोड़ स्थित कनक इंटरप्राइजेज (एंटरप्राइजेज बेकरी) से बनिला फ्लेवर केक मिक्स, चिनौर स्थित बाबा बेकरी से इलायची मिल्क रस्क तथा नवादा इमली स्थित एकेपीकेओ फूड प्रोडक्ट से मिल्क रस्क का एक-एक नमूना संग्रहित किया।

इसके अलावा कटरा तिलहर स्थित क्रीमि फूड मधुसूदन डेयरी के संग्रहण केंद्र से मिश्रित दूध के दो नमूने और बड़ागांव पुवायां स्थित गोल्डी स्वीट्स से बेसन लड्डू का एक नमूना लिया गया। कुल छह नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बाबा बेकरी और एकेपीकेओ फूड प्रोडक्ट में मानक के अनुरूप साफ-सफाई नहीं मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। टीम ने सभी बेकरी संचालकों को खाद्य पदार्थों में रंग का प्रयोग निर्धारित एवं अनुमन्य मात्रा में ही करने के निर्देश दिए।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेंद्र कुमार, वरुण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार, मनोज कुमार और डॉ. विवेक कुमार वर्मा समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

