मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
जनपद की तहसील कलान स्थित रामगंगा घाट पर मंगलवार को 08वीं वाहिनी एनडीआरएफ ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), पुलिस, पीएसी, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से जल आपदा पर आधारित टेबल टॉप एक्सरसाइज (TTEx) तथा फ्लड वॉटर रेस्क्यू (FWR) मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित बाढ़ की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और आपदा से निपटने की तैयारियों का आकलन करना था।
एनडीआरएफ की 32 सदस्यीय टीम ने निरीक्षक (जीडी) शिवकली धुर्वे के नेतृत्व में मॉक ड्रिल में भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत उपजिलाधिकारी अशुतोष कुमार की अध्यक्षता में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई, जिसके बाद प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुआ।
मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन सूचना जारी कर इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (EOC) को सक्रिय किया गया। घटनास्थल के निकट स्टेजिंग एरिया एवं इंसिडेंट कमांड पोस्ट स्थापित कर बचाव अभियान शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने इन्फ्लेटेबल रबर बोट (IRB) की सहायता से बाढ़ में फंसे लोगों तक पहुंचकर कुल चार लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इनमें तीन लोगों को वेट रेस्क्यू तकनीक तथा एक व्यक्ति को ड्राई रेस्क्यू तकनीक के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया। मॉक ड्रिल के लिए ग्राम धेलिया, रामगंगा घाट क्षेत्र को अभ्यास स्थल बनाया गया।
अभ्यास के बाद आयोजित डिब्रीफिंग सत्र में उपजिलाधिकारी अशुतोष कुमार ने सभी विभागों के साथ समन्वय, अभ्यास के दौरान सामने आई चुनौतियों तथा भविष्य की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
इस मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड, आपदा मित्र, स्थानीय गोताखोर एवं ग्रामीणों सहित कुल 118 लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर तहसीलदार शुजीत निगम, राजस्व निरीक्षक राजेश कुमार, ग्राम राजस्व अधिकारी विजय वाजपेयी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

