पनारा में नाले की सफाई व अतिक्रमण हटाने की मांग, सर्पदंश से मौत का दिया हवाला | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

पनारा में नाले की सफाई व अतिक्रमण हटाने की मांग, सर्पदंश से मौत का दिया हवाला | New India Times

ग्राम पंचायत पनारा के ग्रामीणों ने नाले को अतिक्रमण मुक्त कर उसकी साफ-सफाई कराने की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश शुरू होने से पहले नाले की सफाई नहीं होने से हर साल गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार, नाला बारिश के गंदे पानी से भर जाता है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी होती है। नाले में गंदगी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और लार्वा पनप रहे हैं। साथ ही जहरीले जीव-जंतुओं, विशेषकर सांपों का आवागमन भी बना रहता है, जिससे जनजीवन खतरे में पड़ गया है।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि कुछ माह पहले शारदा डोंगरे की सर्पदंश से मौत हो गई थी। इसके अलावा पनारा निवासी विनोद (पिता विजय) की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई थी, जिनका शव करीब 6-7 दिन बाद इसी नाले में मिला था। इन घटनाओं के चलते लोगों में भय का माहौल है।
नाले से सटे शासकीय हाई स्कूल पनारा परिसर में भी बारिश के दौरान जलभराव हो जाता है, जिससे छात्रों और शिक्षकों को आवागमन में कठिनाई होती है तथा अन्य जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 18 जून 2025 को भी शिकायत की गई थी। पटवारी द्वारा मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नाले की सफाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले से अतिक्रमण हटाकर उसकी सफाई कराई जाए, ताकि बारिश के मौसम में होने वाली समस्याओं से राहत मिल सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.