मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जनपद के थाना निगोही में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने नायब तहसीलदार तिलहर के साथ आमजन की शिकायतें सुनीं। इस दौरान पुलिस, राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में भूमि एवं राजस्व विवाद, अवैध कब्जा, पैमाइश, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस व राजस्व विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण करने तथा शिकायतों का निष्पक्ष व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना समाधान दिवस से संबंधित अभिलेखों व रजिस्टरों का निरीक्षण कर उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव, नियमित अनुश्रवण और समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से शिकायतों का पारदर्शी और त्वरित निस्तारण कर प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत किया जाएगा।

