मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

संत सेवालाल महाराज बंजारा-लबाना तांडा समृद्धि योजना के तहत यवतमाल जिले में तांडों के विकास और प्रशासनिक सशक्तीकरण की प्रक्रिया को गति मिली है। जिले में 39 तांडों को राजस्व दर्जा मिलने के साथ ही 40 स्थानों पर स्वतंत्र ग्राम पंचायतों का गठन किया गया है। राज्य में अब तक कुल 104 तांडों को राजस्व दर्जा मिलने की जानकारी देवानंद पवार ने दी।
यवतमाल में आयोजित पत्रकार परिषद में पवार ने कहा कि एक वर्ष के भीतर 40 ग्राम पंचायतों का गठन तांडा समृद्धि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण परिणाम है। राजस्व एवं प्रशासनिक पहचान मिलने से तांडों के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं, मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों का लाभ प्राप्त करने का रास्ता सुगम हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प की दिशा में ग्रामीण एवं वंचित वर्गों का सर्वांगीण विकास आवश्यक है। तांडों को राजस्व एवं प्रशासनिक पहचान दिलाना, स्वतंत्र ग्राम पंचायतों का गठन करना तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
रामेश्वर नाईक के प्रयासों से योजना को मिला संस्थागत स्वरूप
पवार ने बताया कि पीढ़ियों से विकास की मुख्यधारा से दूर रहे तांडों को सरकारी पहचान और विकास के अवसर दिलाने के उद्देश्य से तत्कालीन उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और तत्कालीन ग्राम विकास मंत्री गिरीश महाजन के समक्ष रामेश्वर नाईक ने तांडों के सर्वांगीण विकास का मुद्दा प्रभावी ढंग से रखा था। उनके प्रयासों से योजना को संस्थागत स्वरूप मिला और अब इसके परिणाम धरातल पर दिखाई दे रहे हैं।
पवार ने तांडा समृद्धि योजना के माध्यम से तांडों के विकास को मिली गति का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, ग्राम विकास मंत्री जयकुमार गोरे और मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी रामेश्वर नाईक के प्रति बंजारा समाज की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में राज्य समन्वयक डॉ. जगदीश सकवान और निलेश जाधव के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
पत्रकार परिषद में जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष रमेश चव्हाण, पूर्व सदस्य प्रकाश राठोड, मोहन जाधव, विमुक्त जाति-भटक्या जमाती आघाड़ी के जिलाध्यक्ष विपिन राठोड, किसान आघाड़ी के जिलाध्यक्ष पंजाब जाधव और लालसिंग अजमेरकर उपस्थित रहे।
पात्र तांडों के लंबित प्रस्तावों का तत्काल निपटारा हो
देवानंद पवार ने मांग की कि यवतमाल जिले में राजस्व दर्जा और स्वतंत्र ग्राम पंचायत के लिए पात्र तांडों के लंबित प्रस्ताव शासन के पास तत्काल भेजकर प्रक्रिया को गति दी जाए। उन्होंने तांडों के सर्वांगीण विकास के लिए बृहद विकास आराखड़ा तैयार करने की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक तांडे के लिए अलग विकास योजना तैयार कर सड़क, पेयजल, बिजली, समाज भवन और श्मशानभूमि जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराई जाए तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

