साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:
उत्तन सागरी पुलिस थाने की हद्द में डोंगरी चेक पोस्ट पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक कार की तलाशी लेकर दो देसी पिस्तौल और मैगजीन बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियारों सहित करीब 20.50 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को तड़के करीब 4:30 बजे डोंगरी कोस्टल चेक पोस्ट पर नाकाबंदी चल रही थी। इसी दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। एक Kia Sonet कार की तलाशी लेने पर उसमें दो देसी पिस्तौल मैगजीन सहित मिलीं। पुलिस ने कार और हथियारों को जब्त कर लिया।
जब्त मुद्देमाल में करीब 25-25 हजार रुपये कीमत की दो देसी पिस्तौल तथा मैगजीन और करीब 20 लाख रुपये कीमत की Kia Sonet कार (MH-02-MN-3125), मॉडल वर्ष 2021 शामिल है।
मामले में पुलिस ने संजय सुरेंद्र सिंह (36), व्यवसाय-एस्टेट एजेंट, निवासी दहिसर पूर्व, मुंबई, मूल निवासी जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के खिलाफ उत्तन सागरी पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 130/2026 के तहत भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3, 25(1)(ए) तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(1) सहपठित 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक कमलाकर चासकर कर रहे हैं। पुलिस जब्त हथियारों के स्रोत, उनके इस्तेमाल तथा मामले से जुड़ी अन्य संभावित जानकारियों की जांच कर रही है।
कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंदे, पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण, सहायक पुलिस आयुक्त कन्हैया थोरात के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुभाषचंद्र मारकड, पुलिस निरीक्षक मिलिंद साबळे, पुलिस उपनिरीक्षक कमलाकर चासकर समेत पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।

