मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:
पांढुरना नगर क्षेत्र में शिक्षा का अधिकार (RTE) के अंतर्गत निजी विद्यालयों में निःशुल्क प्रवेश की प्रक्रिया में तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याएं सामने आ रही हैं। इसके कारण गरीब एवं वंचित वर्ग के कई बच्चे इस महत्वपूर्ण योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
नगर कांग्रेस कमेटी, पांढुरना के अध्यक्ष श्री जयंत घोडे ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखकर इस समस्या से अवगत कराया। साथ ही पांढुरना जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर भी इस मुद्दे को उठाया गया।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि शिक्षा का अधिकार (RTE) पोर्टल पर कई वार्डों जैसे—
1. जाडबा
2. मौलाना आजाद
3. टेकड़ी
4. गुरुदेव
5. घनपेठ
6. खारी
7. शिवाजी
8. मेमनाथ
9. संत रविदास
10. पेवठा
11. भगतसिंह वार्ड
के बच्चों के लिए विद्यालयों के विकल्प प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। साथ ही, वार्ड की सीमाओं एवं नए जिले के गठन के बाद भी पोर्टल पर दूरी और निवास से संबंधित आंकड़े त्रुटिपूर्ण दर्शाए जा रहे हैं।
इस कारण बच्चों के निवास और विद्यालय की दूरी का गलत आकलन हो रहा है, जिससे वे लॉटरी प्रक्रिया से बाहर हो रहे हैं। इससे पात्र बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ से अनुरोध किया है कि वे इस मामले में शीघ्र संज्ञान लें और RTE पोर्टल की तकनीकी त्रुटियों को दूर कर प्रभावित बच्चों को पुनः आवेदन का अवसर प्रदान करें, ताकि गरीब परिवारों के पात्र बच्चे शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहें।

