खमरिया पण्डित सीएचसी में विशाल मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 251 मरीजों का हुआ पंजीकरण | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

खमरिया पण्डित सीएचसी में विशाल मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 251 मरीजों का हुआ पंजीकरण | New India Times

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खमरिया पण्डित में गुरुवार को विशाल मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की जिला स्तरीय टीम द्वारा मरीजों का परीक्षण कर उपचार एवं निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।

इस मेगा कैंप का शुभारंभ ग्राम प्रधान खमरिया कुंती गुप्ता एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे। शिविर में कुल 251 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 80 मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों का मानसिक परीक्षण कर आवश्यक दवाएं प्रदान की गईं।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को झाड़-फूंक, ओझा एवं हकीम जैसे अंधविश्वासों से दूर रहकर मानसिक बीमारियों का वैज्ञानिक उपचार कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए डॉक्टरों की टीम जिला अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाकर सेवाएं प्रदान कर रही है।

शिविर में जिला पुरुष अस्पताल से आए मनोचिकित्सक डॉ. अखिलेश शुक्ला द्वारा मरीजों का परीक्षण किया गया। इस दौरान जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की पूरी टीम उपस्थित रही। डॉ. अखिलेश शुक्ला ने अनिद्रा, अवसाद, बेहोशी के दौरे, चक्कर आना, बौद्धिक विकास में कमी, माइग्रेन, सिरदर्द, चिंता, घबराहट, तनाव प्रबंधन, आत्महत्या की रोकथाम सहित विभिन्न मानसिक रोगों के बारे में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने झाड़-फूंक और ऊपरी शक्ति के प्रभाव जैसी भ्रांतियों से दूर रहकर बिना झिझक चिकित्सकीय उपचार कराने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रकोष्ठ द्वारा उपस्थित जनसमूह, सीएचओ, आशा, एएनएम, स्टाफ नर्स एवं अन्य कर्मचारियों को पंपलेट वितरित कर मानसिक बीमारियों के लक्षण एवं उपचार की जानकारी दी गई तथा परामर्श प्रदान किया गया।

साइकेट्रिक सोशल वर्कर अतुल कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिला पुरुष अस्पताल के कक्ष संख्या-02 में प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ओपीडी सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 9120984643 एवं मानसिक स्वास्थ्य टेली मानस टोल फ्री नंबर 14416 (24×7) पर भी संपर्क किया जा सकता है।
शिविर में चिन्हित मानसिक रोगियों को नियमित उपचार एवं प्रत्येक माह के चतुर्थ गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आने की सलाह दी गई।

शिविर में साइकेट्रिक नर्स विवेक कुमार मित्तल द्वारा दवाएं वितरित की गईं। नैदानिक मनोवैज्ञानिक स्तुति कक्कड़ द्वारा दो मरीजों की बुद्धिमत्ता की जांच की गई। एनसीडी काउंसलर विकास कुमार ने काउंसलिंग की, जबकि स्टाफ नर्स गायत्री देवी द्वारा 46 मरीजों की ब्लड शुगर एवं बीपी की जांच की गई।

इस अवसर पर सीएचसी खमरिया पण्डित से अधीक्षक डॉ. अमित सिंह, डॉ. सुजीत पांडेय, डॉ. सत्यक वर्मा, डॉ. इस्तियाक अंसारी, योगेश गिरी (योगाचार्य), फरहान किदवई, फार्मासिस्ट विजय कुमार, काउंसलर विकास कुमार, स्टाफ नर्स गायत्री देवी, लैब टेक्नीशियन सुरेंद्र कुमार, हर्षिता सिंह सहित अन्य पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.