इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

गुना जिला कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविंद गुप्ता द्वारा आज वार्ड क्रमांक 3 स्थित दुर्गा कॉलोनी में संकल्प से समाधान अभियान का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्री संजय श्रीवास्तव, प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री मंजूषा खत्री, वार्ड पार्षद श्रीमती बबीता राजेश साहू सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अभियान का शुभारंभ करते हुए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि यह शासन का एक महत्वपूर्ण अभियान है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रतिदिन किया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में इस योजना के अंतर्गत शिविर लगाए जाएंगे, जहां वार्डवासी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दे सकेंगे, जिनका शीघ्र निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता से ही शहर की स्वच्छता संभव है। शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री कन्याल ने वार्ड पार्षदों से आग्रह किया कि वे वार्ड के जिम्मेदार नागरिकों के साथ मिलकर समिति का गठन करें, जो प्रत्येक परिवार को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेगी, घर के बाहर कचरा फेंकने पर जुर्माना लगाएगी तथा नगर पालिका कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखेगी।
शिविर में वरिष्ठ भाजपा नेता श्री अरविंद गुप्ता, श्री राजेश साहू, सहायक यंत्री श्री शैलेंद्र आवास्या, राजस्व अधिकारी श्री योगेंद्र सिंह, आरएसआई श्री हरि प्रसाद जाटव सहित नगर पालिका के जल प्रकोष्ठ एवं कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंदिर में टीन शेड की व्यवस्था मौके पर कराई गई
संकल्प से समाधान शिविर के दौरान नागरिकों द्वारा दुर्गा मंदिर में टीन शेड की मांग रखी गई, जिस पर कलेक्टर द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष, वार्ड पार्षद एवं वार्डवासियों के सहयोग से मौके पर ही टीन शेड की व्यवस्था कराई गई।
कार्यक्रम के उपरांत वार्ड क्रमांक 3 स्थित जैन मंदिर के पास पार्क में पौधारोपण भी किया गया।

