ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने नेता प्रतिपक्ष को सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन, कार्रवाई की मांग | New India Times

अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह के निर्देश पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय मांग पत्र इटवा के विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

इसकी जानकारी ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन बस्ती मंडल के अध्यक्ष डॉ. बलराम त्रिपाठी ने दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पत्रकारों का प्रदेश का सबसे बड़ा संगठन है, जिसका पंजीकरण संख्या 1153/86 है। संगठन की शाखाएं उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जनपदों एवं 551 तहसीलों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि अत्यंत कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले ग्रामीण पत्रकारों को सरकार एवं संस्थानों की ओर से किसी प्रकार की सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत ये पत्रकार अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए तहसील स्तर पर मान्यता प्रदान किया जाना अत्यंत आवश्यक हो गया है।

इस संबंध में निदेशक, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी पत्र संख्या 1484/सू.एवं ज.स.वि.(प्रेस)-36/2004 दिनांक 19-06-2008 में संशोधन करते हुए सभी दैनिक समाचार पत्रों के संवाददाताओं को मान्यता प्रदान करने हेतु आदेश निर्गत किए जाने की मांग की गई है।

पत्रकार हितों की रक्षा के लिए जिला स्तर पर स्थायी समिति की नियमित बैठकें कराई जाएं। साथ ही मंडल मुख्यालय पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में तथा तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्थायी समिति का गठन किया जाए। इन समितियों में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किए जाने की मांग की गई है।

ग्रामीण पत्रकारों को स्वास्थ्य सुविधाओं से आच्छादित करने के लिए उन्हें आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया जाए तथा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाए।

इसके अतिरिक्त प्रदेश स्तर पर गठित पत्रकार मान्यता समिति एवं विज्ञापन मान्यता समिति में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के दो प्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में सम्मिलित करने की मांग की गई है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दारुलशफा स्थित भवन में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के कार्यालय हेतु निःशुल्क स्थान उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई है।

ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं के अध्ययन एवं समाधान के लिए ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन की मांग करते हुए यह भी कहा गया कि पत्रकारिता के दायित्व निर्वहन के दौरान परिस्थितिवश उत्पन्न विवादों में पत्रकारों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व किसी सक्षम राजपत्रित अधिकारी से जांच कराए जाने का आदेश जारी किया जाए।

मुख्यमंत्री को संबोधित यह सात सूत्रीय ज्ञापन मंडल अध्यक्ष डॉ. बलराम त्रिपाठी के नेतृत्व में तथा जिलाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव की उपस्थिति में नेता प्रतिपक्ष को सौंपा गया। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने ज्ञापन को शीघ्र मुख्यमंत्री तक प्रेषित करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर इटवा तहसील अध्यक्ष रामपूजन सोनी, अंबिका मिश्र, मेहदी रिजवी, शिव कुमार चौबे, प्रमोद कुमार मिश्र, शैलेंद्र कुमार उपाध्याय, रमेश कुमार, अनीस, सुनील कुमार श्रीवास्तव, अनिल वर्मा सहित एसोसिएशन के अनेक सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article