अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को दारोगा राय पथ स्थित नवनिर्मित एमएलए आवास (डुप्लेक्स बंगला) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवास परिसर के विभिन्न हिस्सों, उपलब्ध सुविधाओं और निर्माण गुणवत्ता का विस्तृत जायजा लिया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रत्येक आवास पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्र संख्या एवं विधानसभा क्षेत्र का स्पष्ट उल्लेख किया गया है।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित आवासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ये बंगले शीघ्र ही नवनिर्वाचित विधायकों को उनके निर्वाचन क्षेत्र के आधार पर आवंटित कर दिए जाएंगे। उन्होंने परिसर में किए गए सौंदर्याकरण कार्य की भी सराहना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ के सौंदर्याकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गंगा पथ का सौंदर्याकरण उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। पथ के किनारे विकसित किए जा रहे पार्क में सुरक्षा के मद्देनज़र रेलिंग का निर्माण कराने का भी निर्देश दिया, ताकि आमजन सुरक्षित रूप से घूम-फिर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी गंगा पथ के निर्माण से आम लोगों के आवागमन में काफी सहूलियत बढ़ी है और शहर की सुंदरता में भी वृद्धि हुई है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल आयुक्त अनिमेष परासर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

