मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
12 नवंबर को सांसद विवेक ‘बंटी’ साहू बिलावर पहुंचे थे, जहाँ आयोजित सभा में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी आशीष ठाकुर ने मंच संबोधित करते हुए क्षेत्र में कथित धर्मांतरण गतिविधियों की जानकारी सांसद को दी थी।
छात्र-छात्राओं के बीच कथित धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप के मामले में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग छिंदवाड़ा सतेन्द्र सिंह मरकाम ने बिलावरकला आदिवासी बालक छात्रावास के अधीक्षक सहित तीन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रारंभिक जांच के तहत छात्रावास अधीक्षक को पद से हटाकर बीईओ कार्यालय जुन्नारदेव में अटैच कर दिया गया हैl
सहायक आयुक्त मरकाम के अनुसार, 24 अक्टूबर 2025 को मनीष बंटी साहू द्वारा विकासखंड शिक्षा अधिकारी जुन्नारदेव को शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बिलावरकला के प्रभारी प्राचार्य अनिल कुमार सूर्यवंशी, वरिष्ठ अध्यापक श्रीमती सीमा अहलाद और आदिवासी बालक छात्रावास बिलावरकला के अधीक्षक नरेन्द्र उइके विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राओं के बीच धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में संलिप्त रहे।
यह मामला 17 नवंबर 2025 को विभिन्न समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हुआ तथा ग्रामीणों द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जारी कारण बताओ नोटिस में उल्लेख है कि संबंधित कर्मचारियों का यह कृत्य कार्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है, जो म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1)(क), 3(1)(ख) और 3(1)(ग) का उल्लंघन है तथा कदाचार की श्रेणी में आता है।
तीनों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपना स्पष्टीकरण आज ही प्रस्तुत करें, अन्यथा असंतोषजनक उत्तर की स्थिति में म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति वरिष्ठ कार्यालय को भेजी जाएगी।
प्रारंभिक जांच को ध्यान में रखते हुए सहायक आयुक्त मरकाम ने प्रभारी प्राचार्य सूर्यवंशी, वरिष्ठ अध्यापक श्रीमती अहलाद और छात्रावास अधीक्षक उइके को उनके वर्तमान पदों से हटाकर आगामी आदेश तक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जुन्नारदेव में उपस्थित होकर कार्य करने के निर्देश जारी किए हैं।

