साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 और ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल-1 की ओर से शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को मीरा रोड स्थित भारतरत्न लता मंगेशकर नाट्यगृह में मोटरसाइकिल रैली एवं जनजागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के केवड़िया में राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके लिए देश के विभिन्न राज्यों के पुलिस दलों की मोटरसाइकिल रैली केवड़िया पहुंचेगी। इसी पहल के तहत महाराष्ट्र पुलिस की सहभागिता से नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

इस राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में विभिन्न राज्यों के पुलिस दल शामिल हैं। प्रत्येक दल में लगभग 15 से 20 सदस्य हैं। सभी दल 24 अक्टूबर को मुंबई में एकत्रित होकर गुजरात के केवड़िया के लिए रवाना हुए। इस अभियान के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने और समाज में नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।

इसी क्रम में मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के परिमंडल-1 द्वारा आयोजित जनजागृति कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ संदेश देने वाले पथनाट्य प्रस्तुत किए और नृत्य के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। प्रस्तुतियों में नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में कनेकिया इंटरनेशनल स्कूल एंड कॉलेज, आर.बी.के. ग्लोबल स्कूल, प्रवीण रोहिदास पाटिल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, एस.एल. पोर्वाल हाईस्कूल तथा जे.एच. पोदार हाईस्कूल के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों, विद्यार्थियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से इस अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय एकता दिवस एवं नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए युवाओं और आम नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

