इम्तियाज़ चिश्ती, ब्यूरो चीफ, दमोह (मप्र), NIT:

दमोह में युवा शक्ति को प्रोत्साहित करने और उनकी सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से युवा उत्सव 2026-27 के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव का गरिमामय समापन हुआ। ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर आयोजित इस उत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 256 प्रतिभागियों ने पांच प्रमुख विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और माय भारत के जिला युवा अधिकारी अनुज प्रताप तोमर ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के परिणामों के अनुसार, सामूहिक लोकनृत्य में सांदीपनि विद्यालय दमोह ने प्रथम, एकलव्य विश्वविद्यालय दमोह ने द्वितीय और सरस्वती शिशु मंदिर पथरिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सामूहिक लोकगायन में पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हटा प्रथम, मॉडल स्कूल पटेरा द्वितीय और सांदीपनि विद्यालय दमोह तृतीय स्थान पर रहा। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में एकलव्य विश्वविद्यालय दमोह ने प्रथम, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज दमोह ने द्वितीय और महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) स्कूल दमोह ने तृतीय स्थान हासिल किया।

एकल विधाओं में कविता लेखन प्रतियोगिता में मॉडल स्कूल पटेरा के हिमांशु चढ़ार ने प्रथम, इसी विद्यालय के रितुराज पटैल ने द्वितीय और शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज दमोह के सचिन मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में टाइम्स कॉलेज के अभिषेक मुड़ा प्रथम, केशवराम पांडे स्कूल दमोह की अंकिता रैकवार द्वितीय और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मारूताल की निशा पटेल तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के नियमानुसार सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगायन और नुक्कड़ नाटक में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल तथा चित्रकला एवं कविता लेखन में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 4 नवंबर 2026 को सागर में आयोजित संभाग स्तरीय युवा उत्सव में दमोह जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने कहा कि युवा उत्सव जैसे आयोजन युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए संभाग स्तर के लिए चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, जिला युवा अधिकारी अनुज प्रताप तोमर ने माय भारत मंच के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन नंदराम तिवारी ने किया। समापन पर जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सैफुल्ला खान ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन की सफलता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर मुकेश खरे, अतुल श्रीवास्तव, शैलेंद्र चौधरी, हरिराम, संतोषी, नीलम, लक्ष्मी, कविता, रियाजुद्दीन, धीरेंद्र, बलराम, अनिल और सूरत सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

