मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
जुन्नारदेव जनपद मुख्यालय के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोल्हिया से मिली जानकारी के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 8 चौराहे पर लगी टावर मर्करी लाइट पिछले 15 से 20 दिनों से लगातार 24 घंटे जल रही है। यह स्थिति ग्राम पंचायत की लापरवाही को दर्शाती है। बताया जा रहा है कि लाइट में न तो मीटर लगाया गया है और न ही उसे बंद या चालू करने के लिए कोई स्विच लगाया गया है। सीधे खंभे से डायरेक्ट कनेक्शन लेकर लाइट को चलाया जा रहा है।
ग्रामवासियों का कहना है कि बिजली विभाग और ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं। दिन-रात अनावश्यक रूप से स्ट्रीट लाइट जलने से बिजली की बर्बादी हो रही है, जबकि जब असल जरूरत होती है, तब ऐसे मामलों में अधिकारी ध्यान नहीं देते।

