विवेक जैन, बागपत (यूपी), NIT:
अग्रवाल मंडी टटीरी में भगवान श्रीकृष्ण की वार्षिक रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में धूमधाम के साथ निकाली गई। श्री राधाकृष्ण ठाकुरद्वारा मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर रथयात्रा का शुभारंभ किया गया। रथयात्रा में दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
रथयात्रा के शुभारंभ अवसर पर श्री राधाकृष्ण ठाकुरद्वारा समिति के अध्यक्ष लाला विनोद कुमार गुप्ता पूर्व चेयरमैन, उपाध्यक्ष लाला प्रमोद कुमार गुप्ता पूर्व चेयरमैन, कोषाध्यक्ष लाला प्रमोद कुमार खांड वाले, सचिव राजीव कुमार गोयल सभासद भाजपा सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद सुसज्जित रथ के साथ यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
रथयात्रा में बैंड-बाजों, शहनाई वादकों और कीर्तन मंडलियों ने भक्तिमय वातावरण बना दिया। धार्मिक एवं देशभक्ति विषयों पर आधारित आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया। समिति की ओर से बाहर से आए श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों का पटका पहनाकर अभिनंदन किया गया।
मेले में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, गुब्बारे, खेल-खिलौनों की दुकानें तथा चाट-पकौड़ी सहित विभिन्न खान-पान की दुकानें लगी थीं। रथयात्रा के आयोजन में अरुण कुमार मित्तल, अंकुर शर्मा उर्फ पिंटू, सोनू गुप्ता मीतली वाले तथा अखिल गुप्ता मोंटू मेला संयोजक के रूप में सक्रिय रहे।
इस अवसर पर भाजपा सभासद एवं श्री राधाकृष्ण ठाकुरद्वारा समिति के सचिव राजीव कुमार गोयल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धार्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति जी एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, रोबिन गोयल, मास्टर राकेश मोहन गर्ग, सचिन गर्ग, दीपक गोयल, संजय गोयल बेस्टो वाले बड़ौत, हंसराज गुप्ता बड़ौत, प्रवीण गुप्ता बड़ौत, कपिल गुप्ता उर्फ कन्हैया बागपत सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।

