मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को विकासखंड ददरौल के निजामपुर गोटिया स्थित गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान गौवंश के रख-रखाव और व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित ग्राम सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गौशाला में संरक्षित गौवंश की संख्या, उनके स्वास्थ्य, चारा-भूसा, पेयजल और साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने गौवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
व्यवस्थाएं संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को कड़ी फटकार लगाते हुए गौशालाओं के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौवंश की देखभाल में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
डीएम ने गौशाला में नियमित साफ-सफाई कराने, बीमार और कमजोर पशुओं की पहचान कर तत्काल उपचार कराने तथा प्रत्येक गौवंश की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को गौशालाओं की नियमित निगरानी और निरीक्षण करने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

