शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

स्थानीय विकास खंड करमा के मधुपुर स्थित अमर उजाला के पत्रकार जय नाथ मौर्या के कैम्प कार्यालय में रविवार दोपहर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन (ग्रापए) की सदर इकाई की त्रैमासिक बैठक तहसील अध्यक्ष विनोद मिश्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक के दौरान महामंत्री बृजेश सिंह ने मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। तत्पश्चात प्रयागराज में पत्रकार लक्ष्मी नारायण सिंह की निर्मम हत्या की निंदा करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया तथा हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं मृतक परिवार को शासन स्तर से उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई गई।
बैठक में संगठनात्मक विस्तार पर चर्चा करते हुए तहसील अध्यक्ष विनोद मिश्र ने कहा कि पत्रकारों पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में आवाज बुलंद करने वाला संगठन ग्रापए सदैव पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पत्रकारों पर फर्जी मुकदमा दर्ज करने से पूर्व आरोपों की मजिस्ट्रेट स्तरीय जांच आवश्यक की जाए तथा पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए।
कोषाध्यक्ष रामनरेश शुक्ला ने कहा कि संगठन की स्थापना वर्ष 1986 में स्वर्गीय बाबू बालेश्वर जी द्वारा की गई थी। तब से आज तक संगठन लगातार पत्रकार हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत है और यह प्रदेश का सबसे मजबूत पत्रकार संगठन है। सभा का संचालन उपाध्यक्ष जय नाथ मौर्या ने किया।
बैठक में विनोद मिश्र, सेराज अहमद, रामनरेश शुक्ला, धर्मेन्द्र कुमार, बृजेश कुमार, अभिषेक कुमार, बलिराम मौर्य, अनिल कुमार, नाजिम अंसारी, अशोक कुमार मौर्य, बालेश्वर विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र सिंह सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।

