अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:
वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख ने कहा कि उनकी पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव में अपने सभी उम्मीदवारों को वापस ले लिया है। वी.आई.पी. पार्टी ने सीमांचल की सभी सीटों पर AIMIM के प्रत्याशियों को समर्थन दिया है, जबकि बाकी सभी सीटों पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के महागठबंधन को समर्थन दिया गया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के सभी कार्यकर्ता अब महागठबंधन के उम्मीदवारों को जीत दिलाने में सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।
डॉ. शेख ने कहा कि तेजस्वी यादव को यह समझना चाहिए कि अगर मुस्लिम समाज को सम्मानजनक हिस्सेदारी नहीं मिलेगी, तो मुस्लिम मतदाता धीरे-धीरे उनसे दूर हो सकते हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि तेजस्वी यादव को मतदान से पहले ओसामा बिन शहाबुद्दीन को उप मुख्यमंत्री बनाने का सार्वजनिक वादा करना चाहिए और उन्हें अपनी बड़ी-बड़ी रैलियों में पूरे बिहार में प्रमुखता से पेश करना चाहिए।
डॉ. शेख ने कहा कि मरहूम शहाबुद्दीन एक ऐसा नाम है जिसे बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में जाना जाता है। यदि ओसामा को आगे लाया जाए, तो मुस्लिम समाज एकजुट होकर RJD के साथ खड़ा होगा और यह मतों में साफ दिखेगा।
उन्होंने बिहार के मुसलमानों, पिछड़ों, अति पिछड़ों और दलित समाज से अपील की कि सीमांचल की जिन सीटों पर AIMIM मज़बूत स्थिति में है, वहां अपना वोट किसी दूसरी पार्टी को न दें। सीमांचल के बाहर महागठबंधन के अलावा किसी अन्य दल या निर्दलीय उम्मीदवार को वोट देकर अपना मत व्यर्थ न करें।
वी.आई.पी. पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नासिर खान ने कहा कि कई पार्टियाँ मुसलमानों को सिर्फ BJP का डर दिखाकर उनका वोट लेना चाहती हैं, जबकि असल राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं देतीं।

