अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

आगामी दीपावली और छठ पूजा के मद्देनज़र शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु थाना इटवा पुलिस ने दो स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक पदार्थ (पटाखे) बरामद किए और दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से कुल 23 गत्ते में भरे लगभग 1,200 किलोग्राम पटाखे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹7,05,430 बताई गई है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने बताया कि क्षेत्राधिकारी इटवा सुभेन्दु सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक श्याम सुन्दर तिवारी के नेतृत्व में 11 अक्टूबर 2025 को थाना इटवा पुलिस द्वारा थानाक्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अपने घर पर अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण किए हुए हैं। सूचना पर पुलिस की दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पहली कार्रवाई में प्रभुदयाल उर्फ राजा जायसवाल पुत्र राजेन्द्र प्रसाद जायसवाल निवासी वार्ड नं.-16, अटलनगर, थाना इटवा के घर से 11 गत्ते (लगभग 750 किग्रा) अवैध पटाखे बरामद हुए।
इस पर थाना इटवा में मु.अ.सं. 182/2025, धारा 125 बीएनएस, धारा 9B विस्फोटक अधिनियम 1984 एवं धारा 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। दूसरी कार्रवाई में फिरोज पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी मोहल्ला जानकीनगर, थाना इटवा के घर से 12 गत्ते व झोले में रखे लगभग 450 किग्रा पटाखे बरामद किए गए। इस पर थाना इटवा में मु.अ.सं. 183/2025 समान धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्त को न्यायालय भेजा गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में शामिल रहे:
उपनिरीक्षक नागेन्द्र सिंह, गोपाल रामजी यादव, विनय प्रताप सिंह मिश्र, आरक्षी मनोज कुमार द्विवेदी, धनश्याम यादव, राकेश मौर्या, प्रवीण कुमार, विकास ओझा, गिरीजेश कुमार, म.आ. ब्रिजमा निषाद एवं श्रुति मिश्रा।

