अनूपपुर पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी उत्सव, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शस्त्र पूजन | New India Times

ओम प्रकाश सोनी, ब्यूरो चीफ, अनूपपुर (मप्र), NIT:

अनूपपुर पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी उत्सव, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शस्त्र पूजन | New India Times

असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक पर्व विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन), अनूपपुर में शस्त्र पूजन एवं दशहरा उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल तथा राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रोतेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा और पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब सहित अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, विभिन्न थानों के प्रभारी, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, पुलिस जवान तथा गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार में पारंपरिक एवं आधुनिक अस्त्र-शस्त्रों, पुलिस वाहनों और ध्वज के पूजन के साथ हुआ। आचार्यों एवं पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों पर तिलक लगाकर पुष्प अर्पित किए गए। पूजन के दौरान जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा बनाए रखने की कामना की गई। इसके बाद परंपरा के अनुसार हर्ष फायर भी किया गया।

अनूपपुर पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया विजयादशमी उत्सव, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शस्त्र पूजन | New India Times

इस अवसर पर राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने जिलेवासियों और पुलिस परिवार को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देता है। यह पर्व हमें सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने पुलिस बल की सेवा भावना और समर्पण की सराहना भी की।
वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब ने पुलिस जवानों से पूरी निष्ठा, मुस्तैदी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया।
समूचा कार्यक्रम अनुशासित, सौहार्दपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.