मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह के दौरान 19 नवचयनित एमबीबीएस संविदा चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से वर्गवार एवं योग्यता के आधार पर कुल 24 योग्य अभ्यर्थियों का चयन संविदा चिकित्सक पद पर किया गया है।
मुख्य अतिथि मंत्री ने नवचयनित चिकित्सकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि “डॉक्टर समाज में सेवा और विश्वास के प्रतीक हैं। प्रत्येक चिकित्सक को चाहिए कि वे मन से लोगों की सेवा करें और दूसरों के जीवन को सहज एवं सुखद बनाएं।” उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के कार्य में दबाव और चुनौतियाँ दोनों होती हैं, लेकिन मरीजों के साथ सदैव विनम्र, शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखना ही एक सच्चे चिकित्सक की पहचान है।
मंत्री ने कहा कि “मरीज या उनके परिजनों का व्यवहार चाहे जैसा भी हो, चिकित्सक को हमेशा शांत, संयमित और सकारात्मक रहकर उनकी समस्या को समझना और उचित उपचार देना चाहिए। जो व्यक्ति दबाव में भी धैर्य बनाए रखता है, वही अपने करियर में आगे बढ़ता है।” उन्होंने चिकित्सकों को सलाह दी कि वे समय की महत्ता समझें, चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर अद्यतन रहें, और रिसर्च व नई उपचार पद्धतियों की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त करें, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की जा सकें।
उन्होंने कहा कि “डॉक्टर की सच्ची सेवा तब मानी जाएगी, जब मरीज स्वस्थ होकर भविष्य में धन्यवाद देने लौटे।” कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया, विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता, सांसद अरुण कुमार सागर, पुवायां विधायक चेतराम, जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, डीसीबी चेयरमैन डी.पी.एस. राठौर, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

