खेत सिंचाई के लिए बिजली से परेशान किसान ने बिजली विभाग कार्यालय के सामने की आत्महत्या की कोशिश | New India Times

सरवर खान जरीवाला, भोपाल, NIT; ​खेत सिंचाई के लिए बिजली से परेशान किसान ने बिजली विभाग कार्यालय के सामने की आत्महत्या की कोशिश | New India Times
मप्र में किसानों के जान देने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कर्ज लेने के बाद किसान कहीं बिजली तो कहीं पानी की समस्या से जूझ रहा है। मुंगवानी कला गांव में बिजली नहीं मिलने से परेशान किसान ने बिजली विभाग के कार्यालय में जान देने की कोशिश की। 

सिवनी जिले के मुंगवानी कला गांव में बिजली नहीं मिलने से परेशान एक किसान ने बिजली विभाग के कार्यालय में जाकर एक पेड़ पर चढ़कर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, हालांकि गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने समय रहते किसान की जान बचा ली। वहीं घटना से गुस्साए किसानों ने बिजली विभाग के कार्यालय पहुंच कर खूब हंगामा किया और किसानों को खेतों में सिंचाई के लिए 24 घंटे बिजली देने की मांग की।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आत्महत्या का प्रयास करने वाले किसान का नाम द्वारका प्रसाद सनोडिया है। किसान ने 65 हजार रुपए जमा करके बिजली का टीसी कनेक्शन लिया था, लेकिन पर्याप्त मात्रा में बिजली नहीं मिलने से खासा परेशान था और कई बार अधिकारियों से इस बाबत शिकायत भी कर चुका था, पर जब सुनवाई नहीं हुई तो किसान द्वारका ने आत्महत्या की कोशिश की।

वहीं घटना से गुस्साए किसानों ने सिवनी बिजली विभाग के अधीक्षक यंत्री के कार्यालय में पहुंचकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। गुस्साए किसानों का कहना है कि इलाके में 24 घंटे में सिर्फ 10 घंटे बिजली दी जाती है, उसमें लाइन बिगड़ने की समस्या को लेकर केवल रात के समय 2 या 3 घंटे बिजली मिल रही है, जिसके कारण किसान अपनी फसल की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। जिससे फसल को नुकसान पहुंच रहा है। इस बात से परेशान किसान ने आत्महत्या की कोशिश की है।
वहीं अधिकारियों का दावा है कि किसानों को नियमानुसार 10 घंटे बिजली दी जा रही है, यदि फिर भी बिजली नहीं मिल रही है तो इस मामले की जांच करने के बाद सुधार किया जाएगा।

By nit