राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आजीविका भवन देवरी में पौधारोपण सह-विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर श्री महेश कुमार शर्मा के निर्देशन तथा तहसील विधिक सेवा समिति देवरी के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार करोरिया की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित न्यायाधीशगणों ने पर्यावरण संरक्षण, निःशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। बढ़ते प्रदूषण और अंधाधुंध वृक्षों की कटाई पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों से प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
शिविर के पश्चात आजीविका भवन परिसर में न्यायाधीशगणों द्वारा फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्री अनिल कुमार करोरिया, सुश्री निकिता चौहान (व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-1), भगत सिंह पटेल (विकासखंड प्रबंधक), पुष्पेन्द्र कुर्मी, जिनेन्द्र चाचोदिया, उमाशंकर दुबे, श्रीमती प्रीति चढ़ार, देवका ठाकुर, सुशीला कुमी, सुनीता बंसल, हेमलता ठाकुर, पूना गौड़ सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं।

