शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

सोनभद्र जनपद में हिंदू-मुस्लिम एकता के प्रतीक माने जाने वाले हजरत सैयद मीरान शाह बाबा का सालाना उर्स इस वर्ष निर्धारित तिथि 15 अप्रैल 2026 को आयोजित नहीं किया जाएगा। उर्स आयोजन समिति द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रशासनिक अनुमति न मिलने के कारण कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह उर्स पिछले कई दशकों से श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता रहा है, जिसमें सभी समुदायों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। लेकिन इस बार अनुमति न मिलने के चलते आयोजन टालना पड़ा है।
समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रशासन से अनुमति मिलते ही उर्स की नई तिथि घोषित की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें।
इस संबंध में समिति के सेक्रेटरी मुस्ताक अहमद और सदर हिदायत उल्लाह खान ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन अनुमति न मिलने के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। उन्होंने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की।
