छोटी काशी के मेला चैती में सजी अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की महफिल, रातभर झूमे काव्य प्रेमी | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर-खीरी (यूपी), NIT:

छोटी काशी के मेला चैती में सजी अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की महफिल, रातभर झूमे काव्य प्रेमी | New India Times

गोला गोकर्णनाथ (छोटी काशी) में आयोजित ऐतिहासिक मेला चैती 2026 के चौदहवें दिन सांस्कृतिक मंच पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से ऐसा काव्य रस प्रवाहित किया कि श्रोता देर रात तक डटे रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा अवध प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. आशुतोष गुप्ता, विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी मितौली मधुसूदन गुप्ता, प्राचार्य महेंद्र त्रिपाठी, भाजपा जिला मंत्री राकेश अर्कवंशी, शिक्षक राम संत, पूर्व नगराध्यक्ष दीपक पुरी, प्रबंधक आलोक मिश्रा तथा नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों का पुष्पमालाओं एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि कमलेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि राम मंदिर का सपना साकार हो चुका है और देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
कवि सम्मेलन में हैदरगढ़ के शिव किशोर तिवारी ‘खंजन’ ने प्रेम रस से सराबोर पंक्तियाँ प्रस्तुत कीं—
“मिले यदि प्रेम का प्याला जहर भी जाम होता है,
हृदय जो प्रेम में डूबा वो प्रभु का धाम होता है।”
लखनऊ की डॉ. सुफलता त्रिपाठी ने सामाजिक सरोकारों पर आधारित रचना सुनाई, वहीं अलवर के विनीत चौहान ने देशभक्ति का स्वर छेड़ा। कानपुर के हेमंत पांडे ने हास्य-व्यंग्य से श्रोताओं को गुदगुदाया, तो गया (बिहार) की अल्पना आनंद ने राधा-कृष्ण पर भावपूर्ण काव्यपाठ किया। प्रयागराज के अखिलेश द्विवेदी और उन्नाव के स्वयं श्रीवास्तव ने भी अपनी रचनाओं से खूब वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम का संचालन प्रभावशाली ढंग से किया गया और पूरी रात काव्य रस की गंगा बहती रही।
आयोजकों ने जानकारी दी कि 13 अप्रैल 2026 को सायं 7 बजे से सांस्कृतिक मंच पर भोजपुरी गायिका शिवानी सिंह द्वारा विशेष प्रस्तुति दी जाएगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article