वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

नव वर्ष 2026 की पहली सुबह लखीमपुर खीरी में अनुशासन, संवेदना और सेवा की अनोखी मिसाल देखने को मिली। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर दफ्तर-दफ्तर कर्मचारियों और अधिकारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और मिठाई बांटकर नई शुरुआत की शुभकामनाएं साझा की।

इस दौरान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह और अर्चना ओझा भी साथ रहे। डीएम ने कहा कि अनुशासन, समर्पण और टीम भावना ही सुशासन की पहचान है।
इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और डीएम की पहल पर कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लगभग 200 समाचार पत्र वितरकों, निराश्रितों, दिव्यांगों और जरूरतमंदों को कंबल और लंच पैकेट वितरित किए गए। कार्यक्रम का संयोजन एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया।
अपने संबोधन में डीएम ने कहा कि समाचार पत्र वितरक समाज की आँख और कान हैं, जो हर मौसम में बिना रुके सेवा करते हैं। मुख्यमंत्री की मंशा है कि कोई भी गरीब ठंड से परेशान न रहे, इसलिए जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
वृद्धाश्रम में बाँटी गर्माहट
इसके बाद डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल वृद्धाश्रम पहुँचीं। यहाँ उन्होंने एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह के साथ समाज कल्याण विभाग से वित्तपोषित 90 वृद्धजनों को कंबल, फल और मिष्ठान वितरित किए। बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
डीएम ने कहा कि ठंड के मौसम में विशेष सावधानी जरूरी है और आश्रम प्रबंधन को निर्देश दिए कि किसी भी बुजुर्ग को यह महसूस न हो कि वह अकेला है। उन्होंने व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और सभी सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह भी उपस्थित रहे।
