मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव पुलिस अनुविभाग के अंतर्गत थाना दमुआ पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम ने जानकारी देते हुए बताया कि कस्बा भ्रमण के दौरान इंद्रा चौक पर मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से बैग एवं बोरी में अवैध शराब लेकर मढ़काढाना से सेमरकुही होते हुए दमुआ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने गवाहों राजेश चौकीकर (निवासी वार्ड क्रमांक 06, नंदन) एवं देवेन्द्र उर्फ देबू (निवासी वार्ड क्रमांक 16, रामनगर) को साथ लेकर सेमरकुही रोड, पुरानी रेलवे ट्रैक के पास घेराबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान वाहन चालक मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गया, जबकि पीछे बैठे व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक पंद्राम (27 वर्ष), निवासी कन्हान वनग्राम, थाना नवेगांव बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कुल 62.640 लीटर अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 30,960 रुपये बताई गई है। इसमें अंग्रेजी शराब (ऑफिसर च्वाइस) एवं देशी प्लेन मदिरा शामिल है। साथ ही एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक MP28N5363) भी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने फरार साथी का नाम सीताराम यदुवंशी, निवासी मढ़काढाना बताया, जो मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा फरार आरोपी की तलाश जारी है।

