रहीम शेरानी हिंदुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

गंगा दशहरा उत्सव के अवसर पर ब्लॉक झाबुआ के सेक्टर कल्याणपुरा अंतर्गत नवांकुर संस्था, संस्कृति युवा मंडल समिति भगोर द्वारा प्रस्फुटन ग्राम खेड़ी में महिलाओं ने भव्य गंगा कलश यात्रा निकाली।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचीन शिव मंदिर परिसर में श्रमदान से हुई, जहां ग्रामीणों ने साफ-सफाई कर परिसर को स्वच्छ बनाया और आसपास उगी खरपतवार को हटाया। इसके बाद ग्राम की माताओं-बहनों ने कलश में जल भरकर, नारियल और आम्रपत्र से सजाकर, “गंगा मैया की जय” के जयकारों और भजन-कीर्तन के साथ पूरे गांव में शोभायात्रा निकाली। अंत में कलश का जल भगवान शिव को अर्पित किया गया तथा प्राचीन कुएं की पूजा-अर्चना भी की गई।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद झाबुआ के ब्लॉक समन्वयक तोलिया डामोर ने जल को जीवन का आधार बताते हुए जल संरक्षण का संदेश दिया। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष विमल भाबोर ने नारी शक्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में जल संकट से बचने के लिए अभी से पेड़-पौधे लगाना और पानी की बर्बादी रोकना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान सेक्टर प्रभारी राजेश बैरागी ने सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। इस आयोजन में आदित्य समाज सेवी संस्था खैरमाल, नवांकुर संस्था, ब्रेड फॉर ट्राइबल विलेज संस्था सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।
