वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

शासन के निर्देश पर ड्रेन की सिल्ट सफाई के लिए नई विकेंद्रीकृत व्यवस्था के तहत कार्ययोजना में प्राथमिकता का निर्धारण, अनुमोदन, क्रियान्वयन, अनुश्रवण तथा सत्यापन की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने हेतु जिला स्तरीय समिति की बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें वर्षा पूर्व जिले में 54 ड्रेनों की सिल्ट सफाई का अनुमोदन हुआ।बैठक की शुरुआत में अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड रामबहादुर व अधिशासी अभियंता शारदा नगर जेपी सिंह ने अपने-अपने खंडों की वर्षा से पूर्व ड्रेनो की सिल्ट सफाई का प्रस्ताव रखा।बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि अनुमोदित सभी ड्रैनो की सिल्ट सफाई वर्षा काल से पूर्व जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि अनुमोदित सभी कार्यों को कराए जाने के संबंध में शासन द्वारा निर्गत निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। कार्य प्रारंभ कराए जाने से पूर्व, कार्य कराए जाने के दौरान व कार्य पूर्ण होने के उपरांत के फोटोग्राफ संरक्षित किए जाएं। कार्यो का त्रिस्तरीय कमेटी जिसमें संबंधित तहसील के एसडीएम, संबंधित ब्लाक के बीडीओ व सहायक अभियंता सिंचाई द्वारा सत्यापन कराया जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय-समय पर सीडीओ व उनके द्वारा भी इस कार्य को स्वयं देखा जाएगा।
बैठक में सर्वसम्मति से सिंचाई खंड प्रथम की 172.36 किमी की 117.60 लाख की लागत से 35 ड्रेनों व सिंचाई खंड शारदा नगर की 61.85 किमी की 73.6220 लाख की लागत से 19 ड्रेनों की सिल्ट सफाई कार्य का अनुमोदन हुआ।
बैठक में सीडीओ अनिल कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर संदीप सिंह, एक्सईएन शारदा खंड जेपी सिंह, एक्सईएन सिंचाई खंड प्रथम राम बहादुर, सहायक अभियंता सिंचाई शकुंत त्रिवेदी मौजूद रहे।
