अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल कैंपस में चार दिन से चल रहा धर्मस्थल विवाद मंगलवार रात को उग्र हो गया। पीरगेट चौराहे पर बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए एक पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग भी लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर आ गए इसके बाद दोनों तरफ से जम कर पथराव हुआ। डायल 100 सहित अन्य गाड़ियों में भी तोड़फोड़ हुई। कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। उपद्रवियों को काबू में करने के लिए पुलिस ने हवाई फायर किए और आंसू गैस के गोले भी छोडे। देर रात तक कलेक्टर, डीआईजी पीरगेट पर डटे रहे। रात 12 बजे रैपिड एक्शन फोर्स के पहुंचने के बाद हालात काबू में आए।
मंगलवार रात लगभग 8:30 बजे हालात उस वक़्त बिगड़ गये , जब पीरगेट चौराहे पर कुछ लोगों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में वहां दोनों पक्षों के हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। तत्काल मौके पर आला अधिकारी भी पहुंच गये।रात्रि लगभग 12 बजे कलेक्टर निशांत वरवड़े ने बताया कि 12 वाहनों में आग लगाई गई है। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
