फराज अंसारी, बहराइच ( यूपी ), NIT;
जिला अस्पताल में पिछले हफ्ते कुछ डॉक्टरों की लापरवाही के कारण हुई दो मरीजों की मौत और इसके बाद हुए जमकर हंगामे से शायद अस्पताल कर्मियों ने कोई सीख न लेते हुए मरीजों के साथ लापरवाही का सिलसिला जारी है। बहराइच जिला अस्पताल में भर्ती एक लावारिश मरीज इलाज के अभाव में मौत के इन्तिज़ार में एडियां रगड रहा है।
अस्पताल कर्मियों की लापरवाही से घुट घुट कर दम तोड़ते मरीज आए दिन अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही का हाल बयान कर रहे हैं। अस्पताल में मरीजो की मौत व हंगामा होता रहता है लेकिन अस्पताल कर्मियों का मिज़ाज़ नही बदल रहा है। लावारिश मरीजों के साथ घोर लापरवाही बरती जाती है। ताजा उदाहरण अस्पताल में भर्ती यह लवारारिश मरीज है। यहां इलाज में इंसानियत दम तोड़ती हुई दिख रही है। शायद अस्पताल कर्मी नंगे बदन जमीन पर पड़े इस लावारिश मरीज की मौत का बेसब्री से इन्तिज़ार कर रहे हैं।
मरीज की हालत दिन प्रतिदिन गम्भीर होती जा रही है लेकिन अस्पताल कर्मियों की लापरवाही जारी है। तीस वर्षीय लावारिस युवक को जरवल थाना अन्तर्गत 108 एम्बुलेंस से पिछली 27 तारीख को लाकर बहराइच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बदबू और गंदगी के बीच फर्श पर पड़ा मरीज अस्पताल में मरीजो के साथ होने वाली दुर्दशा की कहानी बयां करने के लिए काफी है। मानवीय संवेदना को तार तार करने वाले अस्पताल कर्मी अपने रवैये से बाज नही आ रहे हैं। आये दिन मरीजों के साथ होने वाली लापरवाही, मरीजों की मौत पर होने वाला हंगामा भी शायद जिम्मेदारों को नहीं दिखाई पड़ रहा है। डॉक्टर व अस्पताल कर्मी झूठ बोलकर बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने का ढोंग रचते नजर आरहे हैं। ऐसे में अस्पताल में मरीजो का इलाज राम भरोसे चलता दिख रहा है।
