आलम वारसी, ब्यूरो चीफ, मुरादाबाद (यूपी), NIT:

मुरादाबाद कोरोना महामारी के चलते देश में लागू लंबे लॉकडाउन के बाद अब अनलॉक पार्ट वन थ्री लागू कर दिया गया है, वहीं मुरादाबाद में पीतल निर्यात करने वाली एक फैक्ट्री ने अपने यहां काम करने वाले पीतल मज़दूरों को नोकरी से निकाल दिया है, इसके विरोध में आज पीतल निर्यात फैक्ट्री में काम करने वाले दर्जनों मज़दूर मुरादाबाद के जिलाधिकारी कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं, मज़दूरों का आरोप है कि उनके फैक्टी के मालिक ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया है, आखिर अब वो जाएं तो कहां जाएं।
पीतल नगरी के नाम से पूरी दुनिया में अपने बर्तनों पर उकेरी गई मुगलकालीन नक्काशी से मशहूर मुरादाबाद के यह पीतल मज़दूर आज भूख हड़ताल पर बैठने के लिए मजबूर हैं, यह वो ही पीतल मज़दूर हैं, जिनके हाथों से की गई मुगलकालीन नक्काशी वाले बर्तन पूरी दुनिया में बेचकर निर्यात फैक्ट्रियों के मालिक मालामाल हुए हैं लेकिन अब लॉक डाउन की वजह से जब कारोबार पर थोड़ी बंदिशे लगीं तो इन पीतल निर्यात करने वाली फैक्टी के मालिक ने अपने यहां काम करने वाले उन पीतल मज़दूरों को बाहर का रास्ता दिखा दिया, जिनके हुनर की बदौलत ये फैक्टी मालिक यहां तक पहुंचे थे। आज ये पीतल मज़दूर गर्मी में जिलाधिकारी मुरादाबाद के कार्यालय के आगे भूख हड़ताल पर बैठे हैं और इनकी मांग है कि इनके फैक्ट्री मालिक वापस निकाले गये सभी पीतल मज़दूरों को काम पर रखें, जिससे यह अपने परिवार का भरण पोषण कर सकें।
