अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

ब्रज की पावन धरा एवं श्री गिरिराज गोवर्धन की तलहटी को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से अक्षय पात्र फाउंडेशन एवं नवीन पूनिया द्वारा गठित जन उदय विजन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘संकल्प से सेवा’ अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित इस सेवा प्रकल्प के अंतर्गत गोविंद कुंड स्थित मनोहर बाबा की गौशाला से जतीपुरा तक गिरिराज तलहटी में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम के कोच नवीन पूनिया ने कहा कि ब्रज को स्वच्छ रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। ब्रजभूमि की पवित्रता, धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना प्रत्येक ब्रजवासी, श्रद्धालु एवं पर्यटक का कर्तव्य है।
अभियान के दौरान अक्षय पात्र फाउंडेशन के कर्मचारियों, युवाओं एवं जन उदय विजन फाउंडेशन के सेवकों ने गिरिराज तलहटी में जगह-जगह बिखरे प्लास्टिक और अन्य कचरे को एकत्रित किया। एकत्रित कचरे को गार्बेज बैग में भरकर ट्रैक्टर के माध्यम से तलहटी से बाहर पहुंचाया गया।
अक्षय पात्र फाउंडेशन के अनंत प्रभु जी ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए ब्रजभूमि की स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को प्रेरित किया कि वे स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें।
श्री अनंत प्रभु जी ने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से राजीव रावत, अमित झा, जनसंपर्क विभाग से जितेंद्र शर्मा एवं विष्णु शर्मा, सुश्री आकांक्षा, मनीष जी तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, जन उदय विजन फाउंडेशन की ओर से श्री कुंज बिहारी पांडे जी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

