अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

राजधानी भोपाल के डी.आई.जी. बंगला चौराहा पर शासन द्वारा एक नई शासकीय शराब की दुकान की अनुमति जारी की गई है जिससे आसपास की आम जनता में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि भोपाल शहर का डीआईजी बंगला चौराहा सामाजिक जीवन का बहुत ही संवेदनशील क्षेत्र है। गीतांजली गर्ल्स काॅलेज एवं कई कोचिंग क्सासेज़ इसी रोड पर मौजूद हैं। देखा जाये तो यह क्षेत्र ओल्ड सिटी का एजूकेशन हब माना जाता है। ऐसे में चौराहे पर शराब की दुकान खोलने की इजा़ज़त मिलना बहुत निंदनीय है। वहीं पूर्व मंत्री आरिफ अकील नें आबकारी विभाग को पत्र लिख कर कहा है कि उक्त क्षेत्र में शासकीय गीतांजलि महाविद्यालय, अनेकों शासकीय संस्थान एवं कन्या छात्रावास, अनेकों स्कूल, जवाहरलाल नेहरू गैस राहत चिकित्सालय, चर्च आदि संचालित होने से उक्त क्षेत्र में छात्राओं का आवागमन होता है साथ ही उक्त चौराहे पर बस ऑटो आदि के स्टापेज हैं। उपरोक्त के अतिरिक्त नवरात्रि के समय दुर्गा जी की स्थापना तथा गणेश उत्सव के समय गणेश जी की प्रतिमा नियमित रूप से स्थापित की जाती है।
उपरोक्त परिस्थितियों एवं परिप्रेक्ष्य में डीआईजी बंगला चौराहा पर नई शासकीय शराब की दुकान प्रारंभ किये जाने के आदेश को शीघ्र अतिशीघ्र निरस्त करने का कष्ट करें।
