सरवर खान जरीवाला, भोपाल, NIT;
व्यापमं मामले में कैग (CAG) की रिपोर्ट में खुलासे के बाद कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने शिवराज सिंह चौहान से इस्तीफे की मांग की है। कैग की रिपोर्ट के खुलासे के बाद अजय सिंह ने कहा कि सरकार के संरक्ण में प्रदेश में भ्रष्टाचार फैला है। इस मामले को लेकर अजय सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी चिट्ठी लिखने जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी देश भर से भ्रष्टाचार को समाप्त करने की बात करते हैं, जबकि भाजपा शासित राज्य मप्र में ही सरकार के संरक्षण में इतना बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। छोटे-छोटे मामलों में इस्तीफा मांगा जा रहा है तो फिर इतने बड़े भ्रष्टाचार के मामले में प्रधानमंत्री सीएम शिवराज सिंह चौहान से इस्तीफ़ा क्यों नहीं ले रहे हैं?
व्यापमं मामले में शुक्रवार को कैग ने कई बड़े खुलासे किए हैं। जिसके बाद कांग्रेस ने सरकार को आड़े हाथें लिया है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के.मिश्रा ने भी बयान जारी कर सरकार पर हमला बोला था और अब अजय सिंह ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और शिवराज सिंह चौहान से इस्तीफे की मांग की है।
कैग ने आरोप लगाते हुए बताया है कि प्रदेश में शिवराज सिंह की सरकार ने कैग को व्यापमं के दस्तावेज की जांच करने से रोक दिया है। सरकार द्वारा तर्क दिया गया था कि व्यापमं सरकारी संस्था नहीं है इसलिए व्यापमं के रिकार्ड आडिट नहीं किए जा सकते। इस मामले को लेकर शासन का दोहरा दृष्टिकोण साफ नजर आ रहा है। घोटालों के बाद से सरकार ने व्यापमं से किनारा कर लिया था लेकिन दूसरी तरफ उसका पूरा अधिकार एग्जामिनेशन बोर्ड पर था। ये खुलासे कैग की वित्तीय वर्ष 2016 की रिपोर्ट में किये गये हैं।
