संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीदी केंद्रों पर अनाज का काला कारोबार शुरू हो गया है जहाँ कमीशनखोर प्रबंधकों की मिलीभगत से बिचौलिये किसानों को चूना लगा रहे हैं।
शासन की मनसा है कि समर्थन मूल्य पर लगे खरीद केंद्रों पर किसानों को लाभ मिले लेकिन व्यापारी बिचौलिए इसका भरपूर लाभ ले रहे हैं। किसान लाइन में लगा हुआ है और व्यापारी अपने माल को सीधा समिति प्रबंधकों की मिलीभगत से कमीशन देकर अपना माल तुलवा रहे हैं।

स्थानीय सूत्रों की मानें तो व्यापारियों द्वारा किसानों के नाम पर फर्जी दस्तावेज निकलवाकर पटवारियों की मिलीभगत से गिरदावरी में हेरफेरी करके पंजीयन करा लिए हैं, इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका प्राइवेट तरीके से काम कर रहे कंप्यूटर ऑपरेटर की है जिसके द्वारा गलत दस्तावेजों से पंजीयन करके व्यापारियों के नाम पंजीयन किए गए हैं।हालांकि ग्वालियर कलेक्टर अनुराग चौधरी के निर्देश पर खरीदी केंद्रों पर व्यवस्थाएं ना फैले और धोखाधड़ी ना हो इसके लिए डबरा एसडीएम जयति के निर्देशन पर डबरा ब्लाक के सभी 21 खरीद केंद्रों पर राजस्व विभाग के अधिकारियों की तैनाती की गई है। राजस्व अधिकारी यह भी निगरानी करेंगे कि बटाईदार सही हैं या गलत, गलत पाए जाने पर 420 की भी कार्रवाई राजस्व अधिकारी संबंधित के खिलाफ पुलिस थाने में करवा सकते हैं।
एसडीएम जयति सिंह के निर्देशन पर लगातार डबरा ब्लॉक में लगे सभी 21 खरीद केंद्रों पर राजस्व अधिकारी एवं कृषि विभाग के अधिकारी औचक निरीक्षण कर रहे हैं, इसमें सोसायटी प्रबंधक द्वारा भी अनियमितता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी एफआईआर निश्चित है।
