तारिक खान, रायसेन ( मप्र ), NIT;
पशुपालन विभाग के जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय में जिला पशु कल्याण समिति की बैठक कलेक्टर श्रीमती भावना वालिम्बे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में पशु चिकित्सा सेवा के विस्तार, विकासखण्डों में स्थित पशुचिकित्सालय के रख रखाव के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने जिला मुख्यालय में स्थित पशुपालन विभाग के परिसर में निर्मित दुकानों में विद्युत कनेक्शन कराकर शीघ्र आवंटियों को पजेशन सौंपने के निर्देश दिए। उन्होनें परिसर में दूषित पानी की निकासी के समुचित प्रबंध करने के निर्देश नगरपालिका सीएमओ को दिए।
- बैठक में सुलभ शौचालय के निर्माण संबंध में भी चर्चा की गई।
कलेक्टर श्रीमती वालिम्बे ने जिले के सभी पशु चिकित्सालयों को स्वच्छ रखने तथा पशुओं के उपचार से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में अच्छी नस्ल के पशुओं की संख्या बढाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने वत्स पालन प्रोत्साहन योजना, अनुदान आधारित योजनाओं, पशुधन बीमा, गोपाल पुरस्कार योजना का जिले में समुचित प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
श्रीमती वालिम्बे ने पशुपालन से अतिरिक्त आमदनी प्राप्त करने के लिए किसानों को प्रेरित करने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों एंव चिकित्सकों को विभाग द्वारा निर्धारित समय सारणी के अनुसार पशुओं का टिकाकरण एंव उपचार के लिए शिविर लगाने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम श्री वरूण अवस्थी, पीडब्ल्यूडी अश्विनी कौशिक तथा पशुचिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित थे। पशुपालन विभाग के उपसंचालक डाॅ.पी के अग्रवाल ने प्रस्तावित कार्ययोजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
