रेलवे ने पेंशनरों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की दी सलाह | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल अंतर्गत लेखा विभाग ने रेलवे पेंशनरों से साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने बताया कि हाल के दिनों में कुछ असामाजिक तत्व रेलवे अधिकारियों के नाम का दुरुपयोग कर पेंशनरों को फर्जी फोन कॉल, एसएमएस और व्हाट्सऐप संदेश भेज रहे हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन फर्जी कॉल और संदेशों के माध्यम से पेंशन अपडेट, अतिरिक्त लाभ अथवा केवाईसी के नाम पर पेंशनरों से बैंक खाता विवरण, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारियां मांगी जा रही हैं, जो पूरी तरह से धोखाधड़ी की श्रेणी में आती हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने स्पष्ट किया कि रेलवे से संबंधित किसी भी प्रकार की आधिकारिक सूचना केवल अधिकृत रेलवे वेबसाइट, railnet.gov.in डोमेन वाले ई-मेल अथवा प्रमाणिक लिखित पत्रों के माध्यम से ही दी जाती है। रेलवे का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी फोन, एसएमएस या व्हाट्सऐप के माध्यम से कभी भी व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी नहीं मांगता।

संदिग्ध लिंक और कॉल से बचने की अपील
लेखा विभाग ने पेंशनरों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश या लिंक पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा ओटीपी, पासवर्ड या बैंक संबंधी विवरण किसी को न दें।

रेलवे प्रशासन ने यह भी सलाह दी है कि यदि किसी पेंशनर को इस प्रकार का कोई संदिग्ध कॉल या संदेश प्राप्त होता है, तो वे तुरंत साइबर सेल, नजदीकी पुलिस थाना या रेलवे सुरक्षा बल को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इसके साथ ही रेलवे पेंशनर एसोसिएशन से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने सदस्यों को साइबर धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करें। रेलवे प्रशासन ने सभी पेंशनरों से सतर्क रहते हुए सुरक्षित रहने की अपील की है।