रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
झाबुआ के हृदय स्थल राजवाड़ा चौक पर बीते तीन वर्षों से एक अवैध क्लिनिक बिना किसी रोक-टोक के संचालित हो रहा था। इस क्लिनिक को फर्जी डॉक्टर राकेश चौहान द्वारा चलाया जा रहा था, जो मरीजों को एक्सपायरी दवाइयां देने के साथ-साथ इंजेक्शन भी लगा रहा था।
इस पूरे मामले की जानकारी एक जागरूक शिकायतकर्ता सुनील पिता धूमसीह द्वारा आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ को दी गई। सूचना मिलते ही कमलेश सिंगाड़ तत्काल मौके पर पहुंचे और क्लिनिक संचालक से उसकी मेडिकल डिग्री दिखाने को कहा। इस पर फर्जी डॉक्टर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और बगलें झांकता नजर आया।

जनहित में आवाज उठाने वाले आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ ने तत्काल मेडिकल ऑफिसर को मौके पर बुलवाया। मेडिकल ऑफिसर के पहुंचने पर जब उनसे क्लिनिक संचालन की अवधि के बारे में पूछा गया, तो राकेश चौहान ने स्वयं स्वीकार किया कि वह करीब तीन वर्षों से यह क्लिनिक चला रहा है।
इस पर कमलेश सिंगाड़ ने मेडिकल विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि तीन साल से क्लिनिक संचालित हो रहा है और संबंधित अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
मेडिकल ऑफिसर भायल ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर क्लिनिक को सील कर दिया तथा एफआईआर दर्ज कराने हेतु प्रतिवेदन तैयार करने की बात कही। गौरतलब है कि फर्जी डॉक्टर राकेश चौहान के खिलाफ पूर्व में भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है। वह मेडिकल स्टोर की आड़ में अंदर ही अंदर क्लिनिक चला रहा था और 4 से 5 बेड लगाने की तैयारी भी कर रहा था।
इस प्रकार पूरे क्षेत्र के भोले-भाले आदिवासियों के स्वास्थ्य के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा था, जिसे समय रहते आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ की सूझबूझ और तत्परता से रोका गया।

