सलमान चिश्ती, रायबरेली ( यूपी ), NIT;
रायबरेली जिला के खीरों स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए नगमा ने कहा कि आप लोगों ने नेहरू परिवार पर हमेशा विश्वास रखा है और फिर विश्वास रखना। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जुमलेबाज पार्टी है। वह झूठे वादों वाली पार्टी है इसे वोट मत देना, उत्तर प्रदेश का विकास रायबरेली का विकास आपके हाथ में है। नरेंद्र मोदी कहते हैं कि कांग्रेस ने साठ सालों में क्या किया, मैं पूछती हूँ कि मोदी सरकार ने 3 वर्षों में क्या किया? किसी के खाते में 15 लाख रुपये आये , किसी ने अच्छे दिन देखे? जब यूपीए सरकार थी तो किसानों का कर्ज माफ हुआ। राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस की सरकार बनी तो 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ होगा , बिजली का बिल हाफ होगा व् युवाओं को रोजगार मिलेगा।
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि जब यहां इंदिरा गांधी चुनाव लड़ती थीं, गांव में जीप चलती थी, कारें चलने का रास्ता भी नहीं था। लोग जीप में फावड़ा लेकर बैठते थे, रास्ता बनाते थे, तब जीप निकलती थी सड़के नहीं थी, बिजली नहीं थी, पानी नहीं था, रायबरेली में एम्स अस्पताल खुलवाने के लिए सोनिया गांधी ने पैसा दिया ताकि मरीजों को लखनऊ, मुंबई न जाना पड़े। भाजपा की सरकार आते ही एम्स पर ताला लगा दिया गया और वहां पर डॉक्टरों की तैनाती न करके रायबरेली की जनता को इस सुविधा से वंचित किया गया। एम्स का कार्य आगे नहीं बढ़ सका। हमारे देश में 30 से 35 करोड़ मजदूर हैं। 2004 – 2005 में मनरेगा योजना शुरू हुई। 2007-2008 में 72 हजार करोड़ रुपए से अधिक किसानों का कर्ज माफ हुआ। भाजपा सरकार किसान विरोधी सरकार है। उन्होंने कहा कि बसपा भी उतनी ही दोषी है जितनी कि भाजपा। उन्होंने कहा कि विधायक की नजर जनता की जेब में नहीं होनी चाहिए बल्कि अपनी जेब से जनता की मदद करनी चाहिए।
उक्त अवसर पर उपस्थित मतदाताओं से प्रत्याशी राकेश सिंह को भारी मतों से जिताने की अपील की। एमएलसी दिनेश सिंह , सत्य प्रकाश पांडे ,कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष वंशराज सिंह , सुजा खान गांधी , सुनील तिवारी , धुंन्नर पांडे , श्री नारायण शुक्ल मुन्ना खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे ।
