शारिफ अंसारी, मुंबई, NIT;
भिवंडी बस डिपो पर बस ड्राइवर व रिक्शा ड्राइवर की मारपीट में बस ड्राइवर प्रभाकर गायकवाड़ की मौत के बाद नल्ला बगैर कागज पत्र वाले रिक्शों पर आरटीओ की कार्रवाई शुरू हो गई है। आज हुई कार्रवाई में सैकड़ों आटो रिक्शे जब्त किये गये।
बतादें कि 8 फरवरी को बोरीवली से एस टी बस लेकर आने के बाद गेट पर खडे रिक्शों को हटाने को लेकर हुये विवाद व मारपीट के बाद बस ड्राइवर प्रभाकर गायकवाड़ मामला दर्ज कराने निजामपुर पुलिस स्टेशन गये जहां चक्कर आने बाद गिर गये। इलाज के लिये उपजिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गयी। जिसके बाद बस चालकों ने आक्रोशित होकर काम बंद कर दिया था। पुलिस की दखलंदाजी के बाद पूरे दिन बंद के बाद बस सेवा शुरू की गयी। उक्त घटना के बाद आज ठाणे समेत महाराष्ट्र के अन्य शहरों में एस टी कर्मचारियों ने काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दिये। घटना को गंभीरता से लेते हुये महाराष्ट्र राज्य परिवहन मंत्री दिवाकर रावते ने ठाणे आरटीओ को भिवंडी में चल रहे अवैध बगैर परमिट के रिक्शा चालकों पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश जारी किया। जिसके बाद ठाणे विभागीय कार्यालय के अधिकारियों ने अपने कर्मचारियों के साथ भिवंडी में दाखिल होते ही आलग- अलग रास्तों पर अवैध रिक्शों पर कार्यवाई शुरु कर दी।
आरटीओ की इस मुहिम में सैकड़ों रिकशों पर कार्यवाई करते हुये जप्त कर एस टी डिपो अंतर्गत कार्यशाला परिसर में जमा कर दिये गये । जिससे अवैध तरीके से बगैर परमिट चल रहे रिक्शा चालकों में खलबली मच गयी है। भिवंडी में चल रहे अवैध रिक्शा चालकों को स्थानीय पुलिस व यातायात पुलिस पकडने के बाद रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों व नेताओं की दखलअंदाजी पर खानापूर्ति कर छोड दिया जाता था, जिससे गैरकानूनी तरीके से रिक्शा चलाने वालों का हौसला बुलंद रहता था। आज आर टी ओ की सख्त कार्यवाई से अवैध रिक्शा चालकों में खलबली मच गयी है ।
